सुरक्षा से समझौता नहीं करेेंगे, अयोध्या से कुरुक्षेत्र पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भरी हुंकार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— कुरुक्षेत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आतंक के खिलाफ हल्ला बोलते हुए कहा है कि नया भारत आतंकवाद से न तो डरता है और न ही रुकता है, बल्कि आतंकवाद का डटकर सामना करता है। प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहीदी दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत शांति चाहता है, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर ने यह बता दिया कि भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नौवें सिख गुरु के 350वें शहीदी दिवस के मौके पर गुरु तेग बहादुर को समर्पित एक विशेष सिक्का और एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। पीएम मोदी ने कहा कि सुबह वह ‘रामायण की नगरी’ अयोध्या में थे और अब वह भगवान कृष्ण की धरती पर हैं।
पीएम मोदी ने कुरुक्षेत्र में भगवान कृष्ण के पवित्र शंख को समर्पित नए बने ‘पंचजन्य’ स्मारक के उद्घाटन के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की इस धरती पर कहा था कि सत्य और न्याय की रक्षा करना सबसे बड़ा धर्म है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान कृष्ण ने कहा था ‘स्वधर्मे निधनं श्रेय:’, जिसका मतलब है कि सत्य के लिए अपने जीवन का बलिदान देना बेहतर है। पीएम मोदी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर ने भी सत्य, न्याय और आस्था की रक्षा को अपना धर्म माना और इसके लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने कहा है कि सरकार इसी तरह ‘गुरु परंपरा’ की सेवा करती रहेगी।
ब्रह्मसरोवर में महाआरती
चंडीगढ़- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर मंत्रोच्चारण के बीच महाआरती की और देशवासियों की उन्नति और तरक्की के लिए प्रार्थना की। उन्होंने दीपशिखा प्रज्वलित कर विधिवत रूप से महाआरती का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के आगमन से कुरुक्षेत्र के इतिहास के साथ एक नया अध्याय जुड़ गया। यह अवसर इसलिए भी खास है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से ही हरियाणा सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
