LSG Vs RCB: रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने RCB को 9 रन से हराया 

By: May 8th, 2026 12:54 am

लखनऊ – मिचेल मार्श (111) की आतिशी शतकीय पारी के बाद प्रिंस यादव (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के वर्षा बाधित मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को नौ रनों से हराया। लखनऊ सुपर जायंट्स को लगातार छह हार के बाद यह जीत नसीब हुई। वहीं आरसीबी की यह टूर्नामेंट में चौथी हार है। ऋषभ पंत का दिग्वेश राठी को आख़िरी ओवर देने का फैसला सही साबित हुआ। उन्होंने इस ओवर में 10 रन देते हुए स्कोर का बचाव किया और लखनऊ सुपर जायंट्स को अभी टूर्नामेंट से बाहर होने से बचा लिया है। 213 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने नौ रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। जेकब बेथेल (चार) को मोहम्मद शमी ने आउट किया। वहीं अगले ही ओवर में प्रिंस यादव ने विराट कोहली को खाता भी खोलने का मौका नहीं दिया। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पड़िक्कल ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े। 11वें ओवर में प्रिंस यादव ने पड़िक्कल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। पड़िक्कल ने 25 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लागते हुए (34) रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर प्रिंस ने जितेश शर्मा (एक) भी शिकार कर लिया। अगले ओवर में शाहबाज अहमद ने रजत पाटीदार को आउट कर पवेलियन भेज दिया। पाटीदार ने 31 गेंदों में तीन चौके और छक्के उड़ाते हुए (61) रनों की पारी खेली। आरसीबी के बल्लेबाजों क्रुणाल पंड्या और रोमारियो शेफर्ड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए आखिरी तक अपने को मुकाबले में बनाये रखा। आरसीबी निर्धारित 19 ओवरों में छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी और नौ रनों से मुकाबला हार गई। क्रुणाल पंड्या ने 16 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के भी जडे़। रोमारियो शेफर्ड ने 15 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते नाबाद 23 रन बनाये। 16वें ओवर शाहबाज अहमद ने टिम डेविड को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स को छठी सफलता दिलाई। टिम डेविड ने 17 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए (40) रन बनाये।

इससे पहले आज यहां लखनऊ सुपर जायंट्स ने आरसीबी के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले में तीन विकेट पर 209 रनों का स्कोर खड़ा किया। डीएलएस पद्धति के तहत आरसीबी को 19 ओवरों में संशोधित 213 रन का लक्ष्य मिला है। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के शुरुआती दूसरे ही ओवर में बारिश ने बाधा डाली। बारिश रुकने के कुछ देर बात जब फिर से खेल शुरु हुआ तो मिचेल मार्श चौके, छक्को की बारिश करते हुए अपनी टीम के लिए तेजी के साथ रन बटोरे। इसी दौरान 10वें ओवर में क्रुणाल पांड्या ने अर्शिन कुलकर्णी (17) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद मौसम की परिस्थितयों को देखते हुए बल्लेबाजी के निकोलस पूरन को आगे भेजा गया। पूरन ने मार्श का बखूबी साथ निभाया। 14 ओवर के बाद फिर से बारिश शुरु हो गई और खेल को रोकना पड़ा। उस समय लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक विकेट पर 145 रन बना लिये थे। मिचेल मार्श नाबाद 107 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। वहीं निकोलस पूरन भी नाबाद 14 रन बनाकर खेल रहे थे। बारिश रुकने के बाद जब फिर से खेल शुरु हुआ तो ओवरों की संख्या 19 कर दी गई। 17वें ओवर की पहली गेंद पर जॉश हेजलवुड ने मिचेल मार्श को बाउंड्री पर कैच आउट करा आरसीबी को बड़ी सफलता दिलाई। मिचेल मार्श ने 56 गेंदों में नौ चौके और नौ छक्के उड़ाते हुए 111 रनों विस्फोटक पारी खेली। 19वें ओवर में रसिख सलाम ने निकोलस पूरन को आउट किया। निकोलस पूरन ने 23 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए (38) रन बनाये। लखनऊ सुपर जायंट्स ने संशोधित ओवर 19 में तीन विकेट पर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान ऋषभ पंत ने 10 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 32 रन बनाये।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App