अर्की में राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

By: Jun 20th, 2026 12:01 am

देशभर की टीमों के बीच होगा मुकाबला, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और कोच भी बने आयोजन का हिस्सा

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
युवा शक्ति बास्केटबॉल क्लब अर्की के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय द्वितीय राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को चौगान मैदान स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तथा कोच भी आयोजन में शामिल हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन अंबुजा फाउंडेशन आईटीआई दाड़लाघाट के प्रधानाचार्य शिव नारायण तिवारी ने किया। इस अवसर पर अधिवक्ता भीम सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। क्लब अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में बास्केटबॉल को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। अंतरराष्ट्रीय कोच राज कुमार पाल और पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी राज मोहम्मद खान ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाडय़िों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं।

अर्की ने दाड़लाघाट को दी शिकस्त
प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मैच में मेजबान अर्की की टीम ने दाड़लाघाट को 56-42 अंकों से पराजित कर शानदार शुरुआत की। दूसरे मुकाबले में हरियाणा ने पुलिस लाइन सोलन को 62-41 अंकों से हराया। इसके बाद पटियाला ने पठानकोट को 62-39 अंकों से शिकस्त दी। चौथे मैच में लुधियाना ने डोगरा-1 को 50-23 अंकों से पराजित किया। दिन के अंतिम और एकतरफा मुकाबले में भटिंडा ने मेरठ को 68-39 अंकों से हराकर जीत दर्ज की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App