तीन दिन तक बड़ी बहन के घर रहेंगी मां शूलिनी
सोलन की अधिष्ठात्री मां शूलिनी की नगर शोभायात्रा से आज आरंभ होगा मेला
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
देवभूमि हिमाचल के प्रसिद्ध पारंपरिक मेलों में शुमार मां शूलिनी मेला इस वर्ष पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। 26 से 28 जून तक ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले इस मेले में धार्मिक आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मां शूलिनी, बघाट रियासत के शासकों की कुल देवी हैं और उनके नाम पर ही सोलन शहर का नाम पड़ा। मेले के दौरान मां शूलिनी पालकी में नगर परिक्रमा कर अपनी बड़ी बहन मां दुर्गा के मंदिर पहुंचती हैं, जहां वह तीन दिनों तक श्रद्धालुओं को दर्शन देती हैं। इस मेले का इतिहास बघाट रियासत से जुड़ा है, जिसकी स्थापना राजा बिजली देव ने की थी। पहले एक दिन तक आयोजित होने वाले इस मेले को जिला गठन के बाद राज्य स्तरीय दर्जा मिला और अब इसे राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
