एनसीसी कैडेट्स ने एटीसी-225 में लहराया परचम
एथलेटिक्स, खेल, भाषण और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जीते कई स्वर्ण व रजत पदक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ के एनसीसी कैडेट्स ने चितकारा यूनिवर्सिटी में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-225) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। 1 एचपी बटालियन एनसीसी सोलन द्वारा आयोजित दस दिवसीय शिविर में प्रदेशभर से 460 कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर का संचालन कर्नल राजीव थॉमस और एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर अमनदीप सिद्धू के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, साइबर अपराध जागरूकता, नशा मुक्ति, संचार कौशल तथा करियर मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही हथियार संचालन, राइफल असेंबली, फायर कंट्रोल ऑर्डर और युद्ध कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में अनिकेत कौशल ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण और रिले में रजत पदक जीता।
अपार सिंह ने 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा रिले में रजत पदक हासिल किया। छात्राओं के वर्ग में जीनल चंदेल, मान्या ठाकुर और अमोधनी राणा ने रिले दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और खो-खो प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में अक्षज सिंह मिन्हास ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि टैलेंट हंट और गायन प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की। विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजीव शर्मा और प्रधानाचार्य सुनील गंगटा ने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
