बद्दी में रसायन उद्योग की सुरक्षा पर मंथन
100 से अधिक औद्योगिक प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, विशेषज्ञों ने साझा किए सुरक्षा प्रबंधन के गुर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
रसायन एवं पेट्रोरसायन उद्योगों में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सिपेट बद्दी द्वारा दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के रसायन एवं पेट्रोरसायन मंत्रालय की ‘विकसित भारत 2047’ पहल के तहत आयोजित हुआ, जिसमें 100 से अधिक प्रमुख दुर्घटना जोखिम इकाइयों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दून के विधायक राम कुमार चौधरी, एसडीएम बद्दी डॉ. संजीव धीमान, एमएसएमई सोलन के सहायक निदेशक ए.के. गौतम तथा सिपेट बद्दी के संयुक्त निदेशक परमिंदर प्रीत सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
विधायक ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है, जहां सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योगों में दुर्घटनाओं की संभावना को कम करते हैं और आपात स्थिति से निपटने की क्षमता बढ़ाते हैं। विशेषज्ञों ने औद्योगिक सुरक्षा नियमों, जोखिम मूल्यांकन, खतरा प्रबंधन, आपातकालीन प्रतिक्रिया रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में आईआईटी रोपड़, ओएनजीसी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञों ने भी अनुभव साझा किए। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। सिपेट बद्दी के तकनीकी अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सत्येंद्र कुमार सिंह, संदीप मदान, घनश्याम चौबेए गुइटे लालडींग, रणबीर सिंहए राज कुमार, अमर कुमार यादव, दिलीप कुमार बस्तिया, अभिनव स्वामी और रणवीर कुमार, सुरभि सहित अन्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
