मंडी में टाइडमैन सेब की एंट्री, नाशपाती से पिछड़ा

By: Jun 26th, 2026 12:48 am

टाइडमैन 2000 और मोटी डंडी नाशपती के मिल रहे 2200 दाम, जुलाई में तेज होगी सीजन के रफ्तार
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल की फल मंडियों में टाइडमैन सेब ने दस्तक दे दी है। इस समय मंडियों में एक दिलचस्प तस्वीर देखने को मिल रही है। वर्षों से मंडियों का बादशाह रहा सेब फिलहाल नाशपाती से पिछड़ गया है। भट्टाकुफर फल मंडी में मोटी डंडी किस्म की नाशपाती का एक बॉक्स 2200 रुपए में बिककर सुर्खियों में आ गया, जबकि टाइडमैन सेब का अधिकतम भाव 2000 रुपए प्रति बॉक्स ही दर्ज हुआ। नाशपाती के रिकॉर्ड तोड़ दामों ने उत्पादकों के चेहरे खिला दिए हैं। बागवानों का कहना है कि इस बार बाजार में नाशपाती की मांग और गुणवत्ता दोनों बेहतर हैं, जिसका सीधा फायदा कीमतों में देखने को मिल रहा है। व्यापारियों के बीच मोटी डंडी नाशपाती की खरीद को लेकर होड़ मची है। हालांकि सेब उत्पादकों के लिए भी हालात निराशाजनक नहीं हैं। कम उत्पादन के बावजूद सेब को अच्छे भाव मिल रहे हैं। अभी मंडियों में पहुंच रहा सेब स्वाद और गुणवत्ता के लिहाज से पूरी तरह परिपक्व नहीं है। जैसे-जैसे बेहतर गुणवत्ता वाला सेब बाजार में पहुंचेगा, कीमतों में और मजबूती आने की उम्मीद है। फिलहाल इस बार सीजन की शुरुआत में नाशपाती ने जो उड़ान भरी है। मंडियों का नया सितारा नाशपाती बनकर उभरा है, जबकि सेब की नजर अब जुलाई में आने वाली बड़ी खेप और बेहतर गुणवत्ता पर टिकी है। मंडी में मोटी डंडी की नाशपति का भाव 1000 से लेकर 2200 रूपए प्रति बॉक्स बिर रहा है जबकि टाईड मैन सेब के 1100 से लेकर 2000 तक प्रति बॉक्स बागवानों को दाम मिल रहे हैं।

गाला सेब ने दी दस्तक, पहले ही दिन मिले शानदार भाव
भट्टाकुफर मंडी में गाला सेब की आमद भी शुरू हो गई है। कोटगढ़ से पहुंचे गाला सेब के पहले छह बॉक्सों को मंडी में शानदार भाव मिले। गाला सेब का आधा बॉक्स 1600 रुपये में बिका, जिससे बागवानों में उत्साह बढ़ गया है। कारोबारियों का मानना है कि जुलाई से सेब सीजन पूरी रफ्तार पकड़ लेगा और मंडियों में आवक बढऩे लगेगी। वहीं, फल कारोबारियों के अनुसार इस समय बाजार में आकर्षक आकार, बेहतर रंग और उच्च गुणवत्ता वाली नाशपाती की मांग ज्यादा है। दूसरी ओर शुरुआती सेब की खेप गुणवत्ता के मामले में मिश्रित रही है। यही वजह है कि मोटी डंडी नाशपाती ने इस समय मंडियों में सेब को भी पीछे छोड़ दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App