हिमाचल में कम छात्र संख्या वाले 10 कालेज होंगे मर्ज, एचपीयू में शुरू होंगे चार वर्षीय डिग्री कोर्स
कार्यालय संवाददाता— शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने एनईपी 2020 के तहत उच्च शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सरकारी महाविद्यालयों में स्नातक शिक्षा के पुनर्गठन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत प्रदेश के 29 सरकारी डिग्री कालेजों में चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जबकि कम छात्र संख्या वाले 10 कालेजों का विलय जिला मुख्यालय स्थित महाविद्यालयों में किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 1,500 से अधिक छात्र नामांकन वाले 26 सरकारी डिग्री कालेजों में चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम ऑनर्स अथवा ऑनर्स विद रिसर्च के साथ संचालित होगा। वहीं 1,000 से 1,500 विद्यार्थियों वाले तीन सरकारी कालेजों में चार वर्षीय ऑनर्स डिग्री कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। ऑनर्स विद रिसर्च की सुविधा केवल उन्हीं विषयों में उपलब्ध होगी, जहां कम से कम दो मान्यता प्राप्त पीएचडी पर्यवेक्षक उपलब्ध होंगे।
प्रदेश के शेष 91 सरकारी डिग्री कालेजों तथा डीएवी कालेज कोटखाई में वर्तमान तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम जारी रहेगा। अधिसूचना में सरकारी संस्कृत महाविद्यालय फागली, सुंदरनगर और नाहन में साहित्याचार्य, दर्शनाचार्य, ज्योतिषाचार्य, व्याकरणाचार्य तथा वेदाचार्य विषयों में चार वर्षीय ऑनर्स और ऑनर्स विद रिसर्च कार्यक्रम संचालित करने का भी प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त चार अनुदान सहायता प्राप्त महाविद्यालयों सेंट बिड्स कालेज शिमला, एमसीएम डीएवी कालेज कांगड़ा, एमएलएसएम कालेज सुंदरनगर तथा एसवीएसडी कालेज भटोली को भी चार वर्षीय स्नातक डिग्री कार्यक्रम ऑनर्स अथवा ऑनर्स विद रिसर्च के साथ संचालित करने की अनुमति दी गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यक्रमों का संचालन वर्तमान स्वीकृत शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ के माध्यम से ही किया जाएगा।
विलीन होने वाले महाविद्यालय
विलय होने वाले कालेजों में जीसी टीक्कर, जीडीसी भलाई, जीडीसी कुकमसेरी, जीडीसी कुपवी, जीडीसी संधोल, जीडीसी मुल्थान, जीडीसी जयनगर, जीडसी ननखड़ी, जीडीसी नोनहाट, जीडीसी कोटली शामिल हैं। इसके अलावा सरकारी डिग्री कालेज कुकुमसेरी जिला लाहुल-स्पीति का विलय सरकारी डिग्री कालेज कुल्लू में किया गया है। इन महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नए प्रवेश नहीं होंगे। कुकुमसेरी कालेज के विद्यार्थियों को जीडीसी कुल्लू में समायोजित किया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय स्थित कालेजों में अध्ययन करने पर प्रतिमाह 5,000 रुपए की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
