विवाहित की मौत पर ससुराल में मायका पक्ष का हंगामा
अंतिम संस्कार से पहले रठोहा गांव में उपजा तनाव, पुलिस ने सूझबूझ से संभाली स्थिति
नगर संवाददाता- नेरचौक
उपमंडल बल्ह की ग्राम पंचायत चंडयाल के रठोहा गांव में बीते बुधवार शाम को एक विवाहिता द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान देने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतका का शव उसके ससुराल रठोहा पहुंचा तो वहां माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल के आंगन में ही शव को रखकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया और आरोपियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। वीरवार दोपहर बाद जब शव रठोहा गांव पहुंचा,तो मायके पक्ष के आक्रोश को देखकर वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। गुस्साए परिजनों का कहना था कि जब तक तीनों आरोपियों को उनके सामने नहीं लाया जाता तब तक वे शव को नहीं उठाएंगे और घर के आंगन में ही उसका दाह-संस्कार कर देंगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात डीएसपी दिनेश कुमार और बल्ह थाना प्रभारी ने मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया और काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद ही मृतका का अंतिम संस्कार ससुराल पक्ष के मोक्ष धाम में किया जा सका। मृतका कुसुमा देवी की शादी कुछ वर्ष पहले की बल्ह में हुई थी। कुसुम की एक तीन साल की बेटी भी है, जिसके सिर से अब ममता की छांव उठ गई है।
पति-सास और ननद गिरफ्तार, रिमांड पर
नगर संवाददाता, नेरचौक
मंडी जिला के बल्ह में ससुराल की प्रताडऩा से तंग आकर विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी । पुलिस ने भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत के आधार पर पति-सास और ननद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों को मंडी कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपितों को दो दिनों के रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। मृतका कुसुमा देवी के भाई रविकांत ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद प्रताडि़त किया जा रहा था। मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका की सास विद्या देवी, पति अमित कुमार और ननद निशा देवी उसे अक्सर परेशान करते रहते थे, जिससे तंग आकर ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रताडऩा और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते बुधवार शाम करीब पौने छह बजे गागल पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि रठोहा गांव में 34 वर्षीय कुसमा पत्नी अमित कुमार ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया है। मृतका को सबसे पहले उसकी सास ने फंदे पर लटकते हुए देखा था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
