बिजली बोर्ड के 133 SDO बने सहायक अधिशाषी अभियंता

By: Jun 25th, 2026 4:27 pm

वरिष्ठ संवाददाता—शिमला

राज्य बिजली बोर्ड ने प्रदेश में कार्यरत एसडीओ (इलेक्ट्रिकल) को री-डेजिग्रेट कर कार्यकारी अधिशाषी अभियंता (इलेक्ट्रिकल/आईटी) बनाया है। नियमित रूप से चार वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वालों को यह पदनाम दिया गया है। हालांकि इनके वेतन और कार्य स्थल को लेकर किसी प्रकार का बदलाव नहीं होगा। यह व्यवस्था वर्ष 2004 में जारी अधिसूचना के प्रावधानों के अनुरूप लागू की गई है।

जानकारी के अनुसार राज्य बिजली बोर्ड ने 133 सहायक अभियंताओं को री-डेजिग्नेट किया है। यह अधिकारी विद्युत वितरण, ट्रांसमिशन परियोजनाओं और अन्य तकनीकी इकाइयों में अपनी सेवाएं दे रहे है। इनमें शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, सिरमौर, सोलन और धर्मशाला समेत कई क्षेत्रों में तैनात अधिकारी शामिल हैं। बोर्ड प्रबंधन का कहना है कि सेवा अवधि पूरी कर चुके अभियंताओं को नियमों के अनुसार उचित पदनाम देना आवश्यक था। इसी उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों को नया पदनाम मिलने से उनकी सेवा प्रोफाइल में सुधार होगा और उन्हें अपने अनुभव तथा वरिष्ठता के अनुरूप पहचान मिलेगी। इस संबंध में बोर्ड प्रबंधन ने मुख्य अभियंताओं के साथ-साथ अधीक्षण अभियंताओं व संबंधित कार्यालयों को भी पत्र भेज दिए है। बोर्ड प्रबंधन का कहना है कि इससे अधिकारियों के वेतन, भत्तों या अन्य वित्तीय लाभों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं होगी। साथ ही उनके वर्तमान कार्यस्थल, जिम्मेदारियों और अधिकारों में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपने मौजूदा पदस्थापन स्थानों पर पहले की तरह कार्य करते रहेंगे। प्रबंधन के अनुसार इसे अस्थायी व्यवस्था माना जाएगा। भविष्य में प्रशासनिक आवश्यकता या नियमों के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App