जोहडज़ी-मल्ला सडक़ को 20 करोड़

By: Jun 26th, 2026 12:51 am

प्राथा में खुलेगा सीबीएसई स्कूल, नेरी कलां में आयोजित जनसभा में बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कसौली विधानसभा क्षेत्र जोहडज़ी-मल्ला सडक़ के लिए 20 करोड़ रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इससे पूर्व कसौली विस क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्र नेरी कलां पहुंचे मुख्यमंत्री ने 90.66 करोड़ रुपए लागत की 12 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 12.92 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित शालाघाट-अर्की- कुनिहार-बरोटीवाला मार्ग पर गंभर खड्ड पर 45 मीटर स्पैन के डबल लेन आर्च पुल, 3.42 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बीडीओ कार्यालय भवन धर्मपुर तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राथा में 51 लाख रुपए की लागत से निर्मित विज्ञान भवन का उद्घाटन किया।

उन्होंने दत्यार के समीप 20.83 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले कौशल्या बांध, 16.24 करोड़ रुपए की लागत से कि मूघाट से चक्की का मोड़ सडक़ के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, 6.33 करोड़ रुपए की लागत से जंगेशू से औडा वाया भनेट सडक़, 7.03 करोड़ रुपए की लागत से ग्रोणी से सरी सडक़ वाया बोहरों के उन्नयन, 3.77 करोड़ रुपए की लागत से सुबाथू से ग्राम चपला, ग्राम पंचायत शडयाना सडक़ पर शहीद सुदेश मार्ग की मेटलिंग एवं तारकोल बिछाने, 3.48 करोड़ रुपए की लागत से रेहला से मथान वाया शरद संपर्क मार्ग, 8.06 करोड़ रुपए की लागत से देवठी-बाड़ा कून सडक़ के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, 5 करोड़ रुपए की लागत से धर्मपुर-कसौली सडक़ के उन्नयन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-1 के अंतर्गत 3.08 करोड़ रुपए की लागत से नगाली से चेवा सडक़ के निर्माण व उन्नयन कार्यों के शिलान्यास किए।

वे सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के नेरी कलां में गुरुवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पांच ग्राम पंचायतों की पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख स म्मान निधि के तहत 1500 रुपए पेंशन प्रदान करने, प्राथा विद्यालय को सीबीएसई से संबद्ध करने, जोगिंद्रा सहकारी बैंक की शाखा खोलने तथा चाटी ढांक में बांध निर्माण के लिए सर्वेक्षण करवाने की भी घोषणा की। इससे पूर्व नेरी कलां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के बाद उन्हें इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला है। जिला परिषद सदस्य नेत्र अत्री के आग्रह पर वह क्षेत्र की समस्याओं को समझने और लोगों से संवाद करने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्होंने विधायक विनोद सुल्तानपुरी की सराहना करते हुए उन्हें जुझारू और युवा नेता बताया तथा कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं हल करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं। प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी के लिए 150 रुपए प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा गाय का दूध 61 रुपए तथा भैंस का दूध 71 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की 50 रुपए तथा गेहूं 80 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जा रही है। किसानों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत महिला मंडलों और युवक मंडलों को पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वन विभाग पौधे उपलब्ध करवा रहा है तथा पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।

विधायक विनोद सुल्तानपुरी बोले, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों को किया सशक्त
विधायक कसौली विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता से भरपूर प्रेम करते हैं और एक योद्धा की तरह प्रदेश की जनता के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिल्ली तक प्रदेश के लोगों की आवाज पहुंचाई, जिससे हिमाचल को लाभ मिल रहा है। इतिहास में पहली बार किसी सरकार ने किसानों के बारे में सोचा और प्राकृतिक खेती के उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया, जिससे किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध कर रही है। इस अवसर पर विधायक चौधरी राम कुमार, संजय अवस्थी तथा बावा हरदीप, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमाणी, कांग्रेस नेता शिव कुमार, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, उपायुक्त मनमोहन शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App