441 प्रधानों-उप प्रधानों ने ली शपथ
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दिलाई शपथ, 27 जून को होगी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों की पहली बैठक
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
जिला शिमला के नव निर्वाचित प्रधानों व उप प्रधानों के लिए सोवमार को पीटरहॉफ में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने नवनिर्वाचित प्रधानों व उपप्रधानों को कार्यग्रहण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों की अहम भूमिका होती है। 27 जून को सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि प्रदेश की सभी पंचायतें आदर्श पंचायत बन सके और विकसित हिमाचल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश का 90 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में बस्ता है।
इसलिए हर गांव का मूलभूत सुविधाओं सहित विकसित होना आवश्यक है। 16वें वित्त आयोग द्वारा पंचायती राज विकास के लिए लगभग 3744 करोड़ रूपए की राशि जारी की जाएगी जिसे पंचायतों के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पंचायती राज चुनावों में निर्विरोध चुनी गई 137 पंचायतों को 25 लाख रुपए की राशि प्रति पंचायत प्रदान जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रधानों व उपप्रधानों से अपनी-अपनी पंचायत में स्वच्छता, नशा निवारण पर जागरूकता, स्वास्थ्य व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर जमीनी स्तर पर तत्परता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। इस अवसर पर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने समारोह की कार्यवाही से उपस्थित जनों को अवगत करवाया। अंत में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथिगणों का धन्यवाद किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
