कोटला कलां आश्रम में उमड़ा आस्था का सैलाब

By: Jun 26th, 2026 12:48 am

निर्जल एकादशी पर भक्ति के रंग में रंगा बाबा बाल जी का दरबार, हजारों श्रद्धालुओं ने चखा महाभंडारे का प्रसाद
नगर संवाददाता – ऊना
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज आश्रम कोटला कलां में निर्जल एकादशी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज के इलाकों से भारी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंगा रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, सत्संग और प्रवचनों का आनंद लिया तथा बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। यह व्रत केवल भोजन और जल का त्याग करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मसंयम, आत्मशुद्धि और ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सत्य, प्रेम, दया और सेवा जैसे गुणों को अपनाना चाहिए।

यही गुण व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति की ओर ले जाते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे धर्म के मार्ग पर चलकर मानवता की सेवा करें तथा अपने जीवन में सदाचार को स्थान दें। बाबा जी ने कहा कि आज के भौतिकवादी युग में मनुष्य मानसिक अशांति और तनाव से घिरता जा रहा है। ऐसे समय में सत्संग, प्रभु स्मरण और अच्छे कर्म ही जीवन को सही दिशा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति ईश्वर पर विश्वास रखता है और निस्वार्थ भाव से सेवा करता है, उसे जीवन में सुख, शांति और सफलता अवश्य प्राप्त होती है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भजन-कीर्तन में भाग लिया। आश्रम में आयोजित विशाल भंडारे में भी हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।

बाबा बाल जी महाराज का मिला आशीर्वाद
अंत में बाबा बाल जी महाराज ने समस्त श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया तथा सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App