जनता के भरोसे की नई शुरुआत

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर धनीराम शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधानों को दिलाई शपथ

निजी संवाददाता-सोलन
गांवों के विकास, सुशासन और जनसेवा की नई जिम्मेदारी अब नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के कंधों पर है। सोलन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उत्साह, उम्मीद और विकास का संकल्प एक साथ दिखाई दिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को शपथ दिलाते हुए उन्हें जनता के विश्वास पर खरा उतरने का आह्वान किया। सोमवार को सोलन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों एवं उपप्रधानों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि केवल चुने हुए जनप्रतिनिधि नहीं हैं, बल्कि हजारों लोगों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतीक हैं।

डा. शांडिल ने कहा कि जिला सोलन की जनता ने प्रतिनिधियों पर भरोसा जताकर उन्हें जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने नशा मुक्ति विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया, जबकि अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। समारोह में हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, पुलिस अधीक्षक तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, जिला पंचायत अधिकारी जोगिंद्र राणा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

पेयजल व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

शपथ ग्रहण समारोह में भीषण गर्मी के बीच कई प्रतिनिधि और बुजुर्ग पानी की तलाश करते नजर आए। उपस्थित लोगों का कहना था कि इतने बड़े आयोजन में पेयजल की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए थी। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में इस तरह के आयोजनों में मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की मांग की।

सडक़ों पर खड़े वाहनों से कोठों में लगा जाम

सोलन के कोठों क्षेत्र में सडक़ किनारे खड़े वाहनों के कारण सोमवार को यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सडक़ संकरी होने और दोनों ओर वाहनों के खड़े रहने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App