चिट्टे की सूचना देने वाले को मिलेगा 10 लाख तक इनाम

By: Jun 27th, 2026 12:10 am

शिमला में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस कार्यक्रम के दौरान बोले मंत्री जगत नेगी

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे पर लगाम लगाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसी कड़ी में ड्रग तस्करों या नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्तियों को 10 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य समाज को नशा-मुक्त बनाने के अभियान में जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। गौर हो कि अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रिज पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को नशा निषेध की शपथ दिलाई और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने जन जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित वॉकाथॉन एवं साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जगत सिंह नेगी ने कहा कि नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन को रोकने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक विशेष अभियान चलाया है। सरकार ने व्यापक जन जागरूकता के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, वॉकथॉन और सेमिनार आयोजित किए हैं।

कार्रवाई कर रही सरकार

राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नशे के कारोबार में संलिप्त पाए गए सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा संज्ञान लिया गया है। ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की गई है। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक पंकज ललित, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, मोहन दत्त शर्मा और कपिल शर्मा सहित अन्य लोगउपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App