गेयटी में दिखी हिमाचल की कला और संस्कृति की अनूठी झलक

By: Jun 27th, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में द कन्वर्जेंस सामूहिक चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला और ऐतिहासिक वास्तुकला को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाली प्रदर्शनी के दूसरे दिन शक्रवार को भी हॉल में कला प्रेमियों की भीड़ देखने को मिली। प्रदर्शनी में हिमाचल की प्रसिद्ध पारंपरिक पहाड़ी मिनिएचर और वास्तुकला पेंटिंग आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। 27 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में चार कलाकारों के 100 से अधिक चित्र प्रदर्शित किए हैं।

प्रदर्शनी में पारंपरिक पहाड़ी मिनिएचर पेंटिंग्स के साथ हिमाचल की ऐतिहासिक वास्तुकला, प्राचीन मंदिरों, पारंपरिक भवनों और ग्रामीण जीवन को दर्शाने वाले वॉटरकलर पेंटिंग हैं। कला प्रेमियों के लिए यह प्रदर्शनी प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को करीब से जानने और समझने का अनूठा अवसर प्रदान कर रही है। प्रदर्शनी में सजी पेंटिंग की कीमत 200 रुपए से लेकर 30 हजार रुपए तक निर्धारित की है। कला प्रेमी अपनी पसंद की पेंटिंग खरीद भी सकते हैं। प्रदर्शनी में कुल्लू के जगतसुख की कनिका शमा, आनी के राहुल भारती, लाहौल के उदयपुर से राजेंद्र और रोहडू के विक्रम सिंह अपनी विशिष्ट कला शैली के साथ भाग ले रहे हैं। चारों कलाकारों की कृतियां हिमाचल की विविध सांस्कृतिक पहचान और कलात्मक परंपराओं का सुंदर संगम प्रस्तुत करती हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की विलुप्त होती पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना तथा नई पीढ़ी को राज्य की समृद्ध वास्तुकला, लोक संस्कृति और कलात्मक विरासत से परिचित कराना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App