मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट आपदा प्रबंधन की तैयारियां जांची

By: Jun 26th, 2026 12:48 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मानसून सीजन के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन शिमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में गुरुवार को बचत भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलेभर की तैयारियों का जायजा लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम बैठक से जुड़े और विभागीय तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि अगले सप्ताह सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में मानसून तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही आगामी सेब सीजन को देखते हुए फील्ड स्टाफ के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया जाएगा। जिले में वर्तमान में 200 आपदा मित्र तथा लगभग 500 युवा आपदा मित्र सक्रिय हैं। पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों को भी आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, पुलों, जल निकासी प्रणालियों तथा बाढ़ सुरक्षा ढांचों का निरीक्षण तेज कर दिया है।

संवेदनशील सडक़ मार्गों की पहचान कर आवश्यक मरम्मत कार्य भी किए जा रहे हैं। रोहड़ू, जुब्बल, कुपवी, चौपाल, रामपुर, ननखड़ी और चोहारा क्षेत्रों में 219 आपदा प्रतिक्रिया किट वितरित की जा चुकी हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने जुलाई, अगस्त और सितंबर में प्रत्येक एसडीएम को 10, 20 और 30 तारीख को समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा रिपोर्ट अगले दिन भेजने के निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2023 के समरहिल शिव बावड़ी भूस्खलन और वर्ष 2024 में रामपुर के समेज क्षेत्र में बादल फटने तथा फ्लैश फ्लड की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ज्योति राणा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शहरी ओशीन शर्मा, एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर सहित जिले के सभी एसडीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

नौ सालों में मानसून के दौरान 405 लोगों की मौत
वर्ष 2016 से 2025 के बीच मानसून अवधि सबसे अधिक घातक रही, जिसमें 405 लोगों की जान गई, जबकि प्री-मानसून अवधि में 390 मौतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने व आपात स्थिति में आपातकालीन संचालन केंद्र 1077 से संपर्क करने की अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App