एचपीटीयू में 30 जून तक एडमिशन, बीबीए-बीसीए से लेकर एमबीए और एमसीए तक होंगे छात्रों के दाखिले

By: Jun 25th, 2026 9:48 pm

सिटी रिपोर्टर-धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) हमीरपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों और महाविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून तक ऑनलाइन काउंसिलिंग एवं आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। धर्मशाला सहित कांगड़ा जिला के विद्यार्थियों के लिए यह सूचना विशेष महत्त्व रखती है, क्योंकि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में भी एचपीटीयू से संबद्ध बीबीए, बीसीए, एमबीए तथा एमसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सभी आवश्यक प्रमाणपत्र एवं दस्तावेज पहले से तैयार रखने तथा समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। जिला कांगड़ा महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. डा. राकेश पठानिया ने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

इन विषयों में पढ़ाई का मौका

विश्वविद्यालय के अनुसार बीटेक, बी.फार्मेसी, बी.आर्किटेक्चर, बीएचएमसीटी, बीएससी होटल मैनेजमेंट, बीबीए, बीसीए, फार्म-डी सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों तथा एमबीए, एमसीए, एमटेक, एम.फार्मेसी, एमएससी फिजिक्स, एमएससी पर्यावरण विज्ञान और योग जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को जेईई मेन, एनएटीए, गेट, जीपैट, एचपीसीईटी-2026 अथवा अर्हता परीक्षा के अंकों के आधार पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।

शुल्क तय

विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल एचपीसीईटी-2026 के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं अन्य प्रवेश श्रेणियों के लिए निर्धारित शुल्क देय होगा। यदि किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा के आधार पर सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो उन्हें अर्हता परीक्षा की मेरिट के आधार पर भरा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App