राजभवन पहुंचा अर्की अस्पताल मौत मामला, निष्पक्ष जांच की मांग, पथरी के आपरेशन के दौरान गई थी महिला की जान

By: Jun 5th, 2026 12:06 am

कार्यालय संवाददाता — शिमला

सोलन के अर्की नागरिक अस्पताल में पथरी के आपरेशन के दौरान हुई सीमा शर्मा की मौत का मामला अब राजभवन पहुंच गया है। मृतका के पति हंस राज शर्मा सहित परिजनों ने राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में परिजनों ने बताया कि 41 वर्षीय सीमा शर्मा को केवल 12 एमएम की पथरी की समस्या थी। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अर्की अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद उन्हें मरीज की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। बाद में सीमा शर्मा को 108 एंबुलेंस के माध्यम से आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि इस दौरान न तो उन्हें विस्तृत मेडिकल रिकार्ड उपलब्ध करवाया गया और न ही स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया गया।

पति हंस राज शर्मा ने बताया कि जब परिवार आईजीएमसी पहुंचा, तो उन्हें सीमा शर्मा के निधन की सूचना दी गई। परिवार का कहना है कि आज तक उन्हें यह स्पष्ट नहीं बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिससे सीमा शर्मा की जान चली गई। परिजनों ने राज्यपाल को बताया कि मामले से जुड़े कई महत्त्वपूर्ण सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने पूछा कि यदि आपरेशन किया गया था, तो उससे संबंधित दस्तावेज और रिकार्ड परिवार को क्यों नहीं दिए गए, मरीज को किस स्थिति में रैफर किया गया और उपचार के दौरान क्या-क्या चिकित्सीय कदम उठाए गए। परिवार ने मांग की कि मामले की जांच स्थानीय स्तर के बजाय स्वतंत्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से करवाई जाए। उन्होंने जांच समिति में अर्की और सोलन के स्थानीय चिकित्सकों को शामिल न करने की मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App