बगैण को मिले दो नए स्कूल भवन

By: Jun 20th, 2026 12:01 am

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया लोकार्पण; 11 साल से लंबित परियोजनाएं पूरी, शिक्षा क्षेत्र में कई नई घोषणाएं

स्टाफ रिपोर्टर-ठियोग
ठियोग उपमंडल के बगैण में शुक्रवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण 87 लाख रुपए और प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण 25 लाख रुपए की लागत से किया गया है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि लगभग 11 वर्षों से लंबित यह परियोजना पूरी होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और राज्य के कुल बजट का लगभग 18 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर व्यय किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है।

पहले चरण में 151 विद्यालयों में यह व्यवस्था शुरू की गई है तथा आगामी चरण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगैण को भी इससे जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। अब तक लगभग 9 हजार पद भरे जा चुके हैं और 3 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत विद्यार्थियों को 20 लाख रुपए तक का ऋण मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने का आश्वासन दिया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक छात्र दल को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर पंचायत प्रधान राजेश चंदेल, उपप्रधान विनोद रांटा, जुब्बल-नावर-कोटखाई मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, लैंड मॉर्गेज बैंक के निदेशक देवेंद्र नेगी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य देव प्रकाश पांडे, एसडीएम ठियोग डॉ. शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज, प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा, पवन चौहान, प्रताप चौहान तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App