एयरपोर्ट पर चैकिंग से बौखलाया बांग्लादेश, PM के सलाहकार को भारत में एंट्री न मिलने पर भारतीय राजदूत तलब
पीएम के सलाहकार जाहेद उर रहमान को भारत में एंट्री न मिलने पर भारतीय राजदूत तलब
एजेंसियां— ढाका
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को भारत के उप उच्चायुक्त पवन बाढे को तलब किया। इस दौरान नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सलाहकार जाहेद उर रहमान के साथ हुई घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। रिपोर्ट के अनुसार, जाहेद उर रहमान भारतीय महासागर रिम संघ (आईओआरए) की सीनियर अधिकारियों की समिति (सीएसओ) की 28वीं बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, हवाई अड्डे पर आगमन के बाद उन्हें सुरक्षा जांच के दौरान काफी देर तक रोका गया। बताया गया कि उनका नाम एक वॉचलिस्ट में होने के कारण उन्हें लगभग अढ़ाई घंटे तक पूछताछ का सामना करना पड़ा।
भारतीय अधिकारियों ने बाद में उन्हें आगे यात्रा करने की अनुमति दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद रहमान ने बैठकों में हिस्सा लेने के बजाय सोमवार को बांग्लादेश लौटने का फैसला किया। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार खलीलुर रहमान ने इस घटना को खेदजनक बताया है। यह समन भारत के उप उच्चायुक्त पवन को जारी किया गया, जो फिलहाल कार्यवाहक उच्चायुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दरअसल, हाल ही में नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने अभी तक बांग्लादेश के राष्ट्रपति के समक्ष अपना के्रडेंशियल्स प्रस्तुत नहीं किया है। यह कूटनीतिक तनाव ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं।
बांग्लादेश का नौ नागरिकों को वापस लेने से इनकार
नई दिल्ली। भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के असम के मनकाचर सेक्टर में रविवार से शुरू हुआ गतिरोध सोमवार को भी जारी है। नौ बांग्लादेशी नागरिक दोनों देशों के बीच के नो-मैन्स लैंड में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) इन नागरिकों को अपने देश में वापस लेने से साफ इनकार कर रहा है, जिससे समस्या और जटिल हो गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
