2027 वर्ल्ड कप और डब्ल्यूटीसी पर फोकस करो, गिल को BCCI की सलाह, वनडे-टेस्ट पर दें ध्यान
एजेंसियां— मुंबई
आईपीएल 2026 में बल्ले से धमाल मचाने वाले शुभमन गिल को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में जगह नहीं मिली। गुजरात टाइटंस के कप्तान ने इस सीजन में 732 रन बनाकर खुद को टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल किया था। ऐसे में माना जा रहा था कि उनकी टी-20 टीम में वापसी तय है, लेकिन चयनकर्ताओं ने अलग रास्ता चुना। अब इस फैसले के पीछे की बड़ी वजह सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड और चयन समिति ने शुभमन गिल के लिए एक लंबी रणनीति तैयार की है, जिसके तहत उन्हें फिलहाल टी-20 क्रिकेट से दूर रखकर टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर पूरा फोकस करने को कहा गया है।
गिल इस समय भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। अगले डेढ़ साल में भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत नौ अहम मैच खेलने हैं, जबकि वनडे विश्व कप 2027 से पहले टीम करीब 35 ओडीआई मुकाबले भी खेलेगी। ऐसे में चयनकर्ता नहीं चाहते कि गिल तीनों फॉर्मेट लगातार खेलते हुए शारीरिक और मानसिक थकान का शिकार हों। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि गिल का फिट और फ्रेश रहना भारत की भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद जरूरी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
