भोरंज को 26 साल बाद मिला कांग्रेस समर्थित बीडीसी चेयरमैन
पूनम कुमारी छह मतों के अंतर से जीतीं, भाजपा के कुलदीप कुमार बने वाइस चेयरमैन, एसडीएम की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण हुआ चुनाव
निजी संवाददाता-भोरंज
भोरंज विकास खंड समिति (बीडीसी) के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन पद के लिए सोमवार को एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में चुनाव संपन्न हुआ। इसमें पूनम को अध्यक्ष और कुलदीप कुमार विक्की को उपाध्यक्ष चुना गया। बता दें कि इससे पहले 13 जून को सदस्यों की कम उपस्थिति के कारण कोरम पूरा न होने से चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। सोमवार को हुए बीडीसी चुनाव में चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस समर्थित अमरोह वार्ड की पूनम कुमारी और भाजपा समर्थित बधानी वार्ड की अमीषा के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान में पूनम कुमारी को 14 वोट मिले, जबकि अमीषा के पक्ष में 8 मत पड़े। इस तरह पूनम कुमारी ने छह मतों के अंतर से जीत दर्ज कर भोरंज बीडीसी के चेयरमैन पद पर कब्जा जमाया। पूनम की ताजपोशी के साथ ही करीब 26 वर्षों बाद भोरंज में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बीडीसी चेयरमैन बनने में सफल रही।
वहीं वाइस चेयरमैन पद के लिए भाजपा समर्थित धमरोल वार्ड के कुलदीप कुमार उर्फ विक्की तथा कांग्रेस समर्थित लगमनवी वार्ड के प्रवीण कुमार मैदान में थे। मतदान के बाद दोनों उम्मीदवारों को 11-11 वोट मिले, जिससे मुकाबला बराबरी पर छूट गया। इसके बाद नियमानुसार पर्ची के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया। पर्ची में कुलदीप कुमार उर्फ विक्की का नाम निकलने पर उन्हें विजयी घोषित किया गया। चुनाव परिणामों में क्रॉस वोटिंग भी अहम भूमिका में रही। चेयरमैन पद पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को अपेक्षा से अधिक समर्थन मिला, जबकि वाइस चेयरमैन पद के चुनाव में बदले राजनीतिक समीकरणों के चलते भाजपा समर्थित उम्मीदवार मुकाबले में बने रहे। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी उम्मीदवारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने बताया कि बीडीसी चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई गई। सभी सदस्यों के सहयोग से चुनाव परिणाम नियमानुसार घोषित किए गए।
अमरोह बीडीसी वार्ड में लगातार दूसरी जीत
विकास खंड भोरंज के अमरोह बीडीसी वार्ड नंबर-1 ने लगातार दूसरी बार बीडीसी अध्यक्ष पद हासिल किया है। इस बार नवलाख गांव, ग्राम पंचायत अमरोह की पूनम कुमारी को बीडीसी अध्यक्ष चुना गया है। उनकी जीत से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इससे पहले भी इसी वार्ड से राजेंद्र सिंह बीडीसी चेयरमैन बने थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
