ब्लॉक समिति चुनाव में देरी पर भाजपा का हल्ला बोल
ब्लॉक समिति गठन में विलंब पर भाजपा नाखुश, एसडीएम कार्यालय का किया घेराव
निजी संवाददाता-इंदौरा
पंचायती राज संस्थाओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग को लेकर गुरुवार को इंदौरा में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रीता धीमान के नेतृत्व में ब्लॉक समिति इंदौरा के निर्वाचित सदस्यों और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव में हो रही देरी के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पंचायती राज चुनाव संपन्न हुए लगभग एक माह बीत चुका है, लेकिन अभी तक ब्लॉक समिति इंदौरा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई है।
उनका कहना था कि पंचायती राज अधिनियम तथा लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुसार निर्वाचित निकायों का गठन और पदाधिकारियों का चुनाव बिना अनावश्यक विलंब के कराया जाना चाहिए, ताकि विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों में कोई बाधा उत्पन्न न हो। भाजपा कार्यकर्ताओं और निर्वाचित सदस्यों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। पूर्व विधायक रीता धीमान ने आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को टाल रहा है। एसडीएम इंदौरा ने बताया कि उन्हें इस संबंध में लिखित ज्ञापन प्राप्त हुआ है और मामले का परीक्षण किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
