लॉटरी से भाजपा समर्थित अशोक कुमार बने अध्यक्ष, कांग्रेस को झटका

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
नवगठित पट्टा पंचायत समिति के अध्यक्ष पद का चुनाव सोमवार को ऐसे रोमांचक मोड़ पर पहुंचाए जहां पूरा सियासी गणित एक पर्ची ने बदल दिया। बहुमत के दावे के साथ मैदान में उतरी कांग्रेस अध्यक्ष पद की बाजी हार गई, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार अशोक कुमार ने बराबरी पर छूटे मुकाबले में पर्ची के सहारे जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया। 7.7 मतों पर फंसे चुनाव में एक रद्द मत और क्रॉस वोटिंग ने पूरा समीकरण बदल दिया, जिससे कांग्रेस खेमे में मायूसी और भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल देखने को मिला। पंचायत समिति पट्टा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव सोमवार को दिनभर राजनीतिक सरगर्मियों और जोरदार उठापटक के बीच संपन्न हुए। पंचायत समिति में कुल 15 निर्वाचित सदस्य हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस समर्थित 9 और भाजपा समर्थित 6 सदस्यों के समर्थन का दावा किया जा रहा था। ऐसे में दोनों पद कांग्रेस के खाते में जाते दिखाई दे रहे थे। सुबह कांग्रेस समर्थित सदस्य एकजुट होकर बीडीओ कार्यालय पहुंचे, जिससे माहौल पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आ रहा था। चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम बद्दी डा. संजीव धीमान ने चुनाव प्रक्रिया शुरू करवाई। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित ओम प्रकाश ठाकुर और भाजपा समर्थित अशोक कुमार आमने-सामने थे। मतदान के बाद परिणाम बेहद चौंकाने वाले रहे।

कांग्रेस समर्थित ओम प्रकाश ठाकुर को 7 मत मिले, जबकि एक मत रद्द हो गया। दूसरी ओर भाजपा समर्थित अशोक कुमार को भी 7 वोट प्राप्त हुए। भाजपा के पास केवल 6 सदस्यों का समर्थन होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग के चलते उन्हें एक अतिरिक्त वोट मिल गया और मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया। दोनों प्रत्याशियों को बराबर.बराबर 7.7 मत मिलने के बाद नियमानुसार पर्ची के माध्यम से फैसला किया गया। भाग्य का फैसला भाजपा समर्थित अशोक कुमार के पक्ष में गया और उनके नाम की पर्ची निकलते ही भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं कांग्रेस खेमे में मायूसी फैल गई। इस परिणाम को दून के विधायक रामकुमार चौधरी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, जबकि पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत पर खुशी जताई। अध्यक्ष पद पर हार मिलने के बाद कांग्रेस समर्थित ओम प्रकाश ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद के लिए भी दावेदारी पेश की। उपाध्यक्ष चुनाव में मुकाबला एक तरफा रहा। ओम प्रकाश ठाकुर को 9 मत मिले, जबकि भाजपा समर्थित रमा देवी को 6 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांग्रेस समर्थित खेमे ने उपाध्यक्ष पद जीतकर अपनी राजनीतिक साख बचा ली। बैठक की अध्यक्षता पीठासीन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी ;नाण्द्ध बद्दी डॉण् संजीव धीमान ने की। पंचायत समिति के सभी 15 निर्वाचित सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। बाद में एसडीएम बद्दी डा. संजीव धीमान ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक कुमार और उपाध्यक्ष ओम प्रकाश ठाकुर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा, बीडीओ पट्टा कुलदीप सिंह, विधायक दून रामकुमार चौधरी, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थक और पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App