नालागढ़ नगर परिषद में भाजपा ने बहुमत का ठोंका दावा
पूर्व विधायक केएल ठाकुर की अगवाई में सात भाजपा समर्थित पार्षद पहुंचे एसडीएम ऑफिस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नगर परिषद नालागढ़ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा समर्थित पार्षदों ने सोमवार को पूर्व विधायक केएल ठाकुर की अगवाई में शक्ति प्रदर्शन करते हुए एसडीएम नालागढ़ को ज्ञापन सौंपा और नगर परिषद में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा किया। पार्षदों ने प्रशासन से मांग की कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया बिना देरी शुरू करवाई जाए, ताकि शहर के विकास कार्य गति पकड़ सकें। एसडीएम कार्यालय पहुंचे भाजपा समर्थित पार्षदों ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है।
नौ सदस्यीय परिषद में 7 पार्षद भाजपा समर्थित जीतकर आए हैं और सभी पार्षद एकमत होकर भाजपा की नगर परिषद कमेटी बनाने के पक्ष में हैं। पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि नालागढ़ शहर लंबे समय से मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक जैसी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि लोकतांत्रिक परंपराओं के तहत बहुमत का सम्मान करते हुए जल्द अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव करवाए जाएं। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक केएल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष शालिनी शर्मा, पार्षद अलका, निशा शर्मा, चम्पा देवी, राजेश, दौलत राम, मोनी और पवन सहित अन्य मौजूद रहे।
केएल ठाकुर बोले, प्रशासन जल्द करवाए चुनाव
पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बहुमत का सम्मान होना चाहिए और नगर परिषद में भी उसी आधार पर कमेटी का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाएगा ताकि शहर के विकास को गति मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
