चार वर्षीय मासूम के साथ हैवानियत, झाड़ियों में मिला खून से लथपथ शव

By: Jun 29th, 2026 4:23 pm

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गांव में सोमवार को चार वर्षीय बच्ची का खून से लथपथ शव झाड़ी में मिला। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र की एक महिला अपनी चार वर्षीय पुत्री को लेकर धनेजा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। बच्ची कल रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। पहले परिवार वाले ने खुद बच्ची को खोजने का प्रयास किया, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर- घर बच्ची की तलाश की। आज सुबह सरपत के झुरमुट में उसका शव मिला। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया और काफी लोग इकट्ठा हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का प्रतीत हो रहा है। आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही इस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App