Chamba News: खाई में गिरने से दंपति की मौत, पैर फिसलने से नाले में गिरे, रिश्तेदार के घर जा रहे थे अभागे

By: Jun 26th, 2026 12:06 am

चंबा के कलामला में दर्दनाक हादसा; पैर फिसलने से नाले में गिरे, रिश्तेदार के घर जा रहे थे अभागे

निजी संवाददाता — मैहला

जिला चंबा की उपतहसील धरवाला के तहत कलामला पंचायत में पति-पत्नी की गहरी ढांक में गिरकर नाले में जा गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने पति-पत्नी के शवों के मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए हैं। राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार दिले राम ने मृतक दंपति के परिजनों को दस-दस हजार रुपए की फौरी राहत भी प्रदान कर दी है। जानकारी के अनुसार दाडवीं पंचायत के उआ गांव का गोरख अपनी पत्नी सुषमा संग गुरुवार को कलामला स्थित अपने रिश्तेदार के घर को निकला था।

इसी दौरान रास्ते में गोरख पांव फिसलने के कारण् अनियंत्रित होकर गहरी ढांक में नीचे गिरने लगा। पति को ढांक में गिरता देख पत्नी भी बचाव की कोशिश के दौरान साथ ही नीचे नाले में जा गिरी। परिणामस्वरूप पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पति-पत्नी को ढांक से गिरता देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से शवों को नाले से उठाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया। वहीं इस संदर्भ में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

फोरलेन ब्रिज से गिरा ग्रामीण, जान गई

शाहपुर। शाहपुर के सारनू पुहाड़ा फोरलेन ब्रिज से गिरने के कारण एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र नीचू राम निवासी गांव किला पंचायत रिहलू तहसील शाहपुर के रूप में हुई है। पवन कुमार भरमौर गए हुए थे और गत बुधवार रात वहां से वापस आ रहे थे। उन्हें शाहपुर उतरना था, लेकिन रात के समय सही स्थान का पता नहीं चलने के कारण वे सारनू-पुहाड़ा फोरलेन ब्रिज के पास उतर गए। वहां से वह पैदल शाहपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान देर रात फोरलेन ब्रिज से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App