बहिष्कार के कारण नहीं बन पाई दो शहरों की सरकार
सोलन नगर निगम में दो जुलाई को मेयर-डिप्टी मेयर का चयन
निजी संवाददाता — सोलन
नगर निगम सोलन में सोमवार को महापौर और उपमहापौर के चुनाव से ठीक पहले सियासी घटनाक्रम ने अचानक नया मोड़ ले लिया। सभी 17 नवनिर्वाचित पार्षदों के पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद कांग्रेस के पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए सभागार छोड़ दिया। इसके चलते चुनाव के लिए आवश्यक कोरम पूरा नहीं हो सका और महापौर तथा उपमहापौर का निर्वाचन टालना पड़ा। नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने सभी 17 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद महापौर और उपमहापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होनी थी। इसी बीच आगामी प्रक्रिया से पहले लगभग आधे घंटे का अवकाश दिया गया, लेकिन बैठक दोबारा शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के सभी पार्षद सभागार से बाहर निकल गए। इससे महापौर और उपमहापौर का चुनाव नहीं कराया जा सका।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा-36 तथा हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के नियम-81 के अनुसार महापौर और उपमहापौर के चुनाव के लिए आवश्यक संख्या पूरी न होने के कारण निर्वाचन स्थगित करना पड़ा। उपायुक्त ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए अब महापौर और उपमहापौर के चुनाव के लिए दो जुलाई को दोपहर बाद तीन बजे नगर निगम सोलन के बैठक कक्ष में नई बैठक निर्धारित की है। इसी दिन महापौर और उपमहापौर का निर्वाचन कराया जाएगा।
धर्मशाला नगर निगम अध्यक्ष उपाध्यक्ष का चुनाव कल होगा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
धर्मशाला नगर निगम के 17 नवनिर्वाचित पार्षदों के शांतिपूर्ण शपथ ग्रहण के ठीक बाद कांग्रेस के पार्षदों ने वॉकआउट कर दिया। इसके चलते मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव कोरम के अभाव में स्थगित करना पड़ा। अब शहर की सरकार के मुखिया का फैसला पहली जुलाई को होने वाली साधारण बैठक में होगा। धर्मशाला स्थित सचिवालय भवन के कैबिनेट हॉल में सोमवार को शहर की नई सरकार के गठन की औपचारिक शुरुआत हुई। उपायुक्त कांगड़ा एवं पीठासीन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित 17 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही राजनीतिक समीकरणों ने अचानक करवट ली। नियमों के अनुसार मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए पहले दिन तीन-चौथाई बहुमत (कोरम) की आवश्यकता थी। इसी बीच, कांग्रेस के पांच पार्षदों ने सदन से अचानक वॉकआउट कर दिया।
उनका साथ देते हुए वार्ड नंबर-9 सकोह से निर्वाचित निर्दलीय पार्षद भी सदन से बाहर चले गए। इस अचानक हुए वॉकआउट ने चुनाव प्रक्रिया पर सीधा ब्रेक लगा दिया। वॉकआउट के बाद उपायुक्त ने स्थिति को संभालने के लिए लगभग आधे घंटे बाद दोबारा बैठक बुलाई। दूसरी बार जब बैठक शुरू हुई, तो सदन में केवल भाजपा समर्थित 11 पार्षद और पदेन पार्षद के रूप में विधायक सुधीर शर्मा ही मौजूद रहे। अंतत: पीठासीन अधिकारी को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव स्थगित करने की औपचारिक घोषणा करनी पड़ी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

