सीएम सुक्खू की आधी सैलरी कटती रहेगी, हिमाचल में मंत्रियों-स्पीकर और विधायकों की कटौती बहाल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल सरकार की घोषणा के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग ने उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष के साथ विधायकों की वेतन में की गई कटौती को बहाल कर दिया है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जून 2026 के वेतन के साथ कटौती का ये पैसा दे दिया जाएगा। यानी जितनी कटौती अब तक हुई होगी, वह सारी मिल जाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री की सैलरी में 50 फीसदी की कटौती 18 अप्रैल की अधिसूचना के अनुसार जारी रहेगी। पिछले हफ्ते वित्त विभाग की समीक्षा बैठक सीएम ने रविवार को की थी।
उसी दिन इस कटौती को बहाल करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद अफसरों के लिए वित्त विभाग ने ऑर्डर किया था और नेताओं के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने आज आदेश जारी किए हैं। इसमें मुख्यमंत्री ने अपनी सैलरी की कटौती को जारी रखा है। उन्हें अब आगामी आदेशों तक आधी सैलरी ही मिलेगी, जबकि अन्य सभी की फुल सैलरी रिस्टोर हो गई है।
दिल्ली से आज लौटेंगे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू
नीति आयोग की बैठक के लिए दिल्ली गए मुख्यमंत्री का टूअर प्रोग्राम बदला है। वह अब शनिवार को वापस लौटेंगे। मुख्यमंत्री ने नीति आयोग की बैठक में राजस्व घाटा अनुदान बंद होने, प्राकृतिक आपदा और जीएसटी फार्मूले के कारण हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए और मदद की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राइड आफ हिल्स के नाम से केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई 25,000 करोड़ की राशि पर्याप्त नहीं है। इसे केंद्र सरकार 50000 करोड़ करे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
