डीपीसी से प्रोमोशन की मांग करेगा महाविद्यालय शिक्षक संघ, महासभा के दौरान कई मुद्दों पर मंथन

By: Jun 29th, 2026 10:30 pm

नगर संवाददाता — धर्मशाला

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ की स्थानीय इकाई के तत्त्वावधान में राज्य स्तरीय जनरल हाउस का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 50 महाविद्यालयों से 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया मुख्य अतिथि रहे। सभा में सभी महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए। इस दौरान वरिष्ठता और संघ के चुनावों के मुद्दे को लेकर माहौल गर्माता देखने को मिला।

विशेषकर संघ के चुनावों को लेकर प्राध्यापकों व संघ सदस्यों के बीच तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली। जनरल हाउस में प्रस्ताव पारित किया गया कि महाविद्यालय में कार्यरत प्राध्यापकों के लिए डीपीसी द्वारा पदोन्नति का अवसर प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार से मांग की जाएगी। प्रो. संजय कांगो ने बताया कि अगस्त में एचजीसीटीए के राज्य स्तरीय चुनाव आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सीएएस और डीपीसी की मांगों को लेकर छह जुलाई से प्रदेश भर में गेट मीटिंग और काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन के प्रथम चरण की घोषणा की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App