श्री नयनादेवी व जुखाला कालेज में फिर बहाल हों कॉमर्स-साइंस कक्षाएं
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जारी अधिसूचना के तहत श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डिग्री कालेज श्री नयनादेवी जी में कॉमर्स तथा डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस एवं कॉमर्स की कक्षाओं को बंद कर दिया गया है। सरकार के इस निर्णय से क्षेत्र की आम जनता, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेज श्री नयना देवी जी में कॉमर्स तथा डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस एवं कॉमर्स की कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से पुन: बहाल किया जाए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन विषयों के बंद होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा तथा उन्हें अन्य स्थानों पर जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि शिक्षा सुविधाओं में कटौती किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि उक्त निर्णय को शीघ्र वापस लिया जाए और बंद की गई कक्षाओं को पुन: शुरू किया जाए। इस अवसर पर जिला परिसद सदस्य लेख राम ठाकुर, तरसेम सिंह, मंडल अध्यक्ष नंद लाल ठाकुर, प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
