चुनाव करवाओ या विरोध झेलो

By: Jun 26th, 2026 12:47 am

सलूणी में पंचायत समिति चुनाव पर सियासी घमासान, युवा मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी

निजी संवाददाता-सलूणी
पंचायत समिति सलूणी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव में हो रही लगातार देरी को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित न होने से भाजपा युवा मोर्चा और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को भाजपा युवा मोर्चा मंडल सलूणी के अध्यक्ष कृष्ण पंडित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कार्यकारी एसडीएम अभिराय सिंह ठाकुर के माध्यम से उपायुक्त चंबा को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव शीघ्र करवाने की मांग उठाई गई। युवा मोर्चा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शनिवार तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई तो कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सडक़ों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष कृष्ण पंडित ने कहा कि चंबा जिले के अन्य सभी विकास खंडों में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुके हैं, जबकि सलूणी में अब तक चुनाव प्रक्रिया लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में हो रही देरी से यह प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब से निर्वाचित सदस्यों को प्रभावित करने या उन्हें भ्रमित करने की आशंका भी बढ़ रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। उधर, कार्यकारी एसडीएम अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपकर पंचायत समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव जल्द करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनावों के लिए 30 जून तक तिथि निर्धारित कर दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App