शूलिनी मेले में आस्था का संगम बाजार पैक, मंदिरों में सैलाब

By: Jun 27th, 2026 12:02 am

सोलन में पहले दिन हर ओर दिखी रौनक, मालरोड, राजगढ़ रोड, लोअर-अपर बाजार में उमड़ी भीड़

निजी संवाददाता-सोलन
राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेले के शुभारंभ के साथ ही शुक्रवार को पूरा सोलन शहर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भर गया। माल रोड, राजगढ़ रोड, लोअर बाजार, अपर बाजार, चौक बाजार तथा ऐतिहासिक ठोडो मैदान में दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली। शहर की प्रमुख सडक़ों पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी रही, जिससे बाजार पूरी तरह पैक नजर आए। दूर-दराज क्षेत्रों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मेले का आनंद लेने पहुंचे।

मेले के पहले दिन शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक और उत्सवी रंग में रंगा दिखाई दिया। इधर, माता शूलिनी की पावन डोली मंदिर परिसर से अपनी बहन से मिलने के लिए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रवाना हुई। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु जय माता शूलिनी के जयकारे लगाते हुए डोली के साथ चल रहे थे।

जगह-जगह लगे भंडारे

जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य भंडारों का आयोजन किया गया, जहां लोगों को पूरी-सब्जी, कढ़ी-चावल, हलवा, खीर, छोले-भटूरे, शीतल पेय और अन्य प्रसाद वितरित किया गया। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के स्वयंसेवक पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। भंडारों में दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

हेल्दी बेबी शो 28 जून को ठोडो मैदान में

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा ऐतिहासिक ठोडो मैदान में राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेला के अवसर पर 28 जून को हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय पाठक ने दी। उन्होंने कहा कि हेल्दी बेबी शो प्रतियोगिता में 0 से 1 वर्ष तक, 03 वर्ष तक तथा 03 से 05 वर्ष तक के बच्चे (प्रतिरक्षण व टीकाकरण कार्ड सहित) भाग ले सकते हैं। डा. पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण एवं निरीक्षण का समय प्रात: 11 बजे से आरम्भ होगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों का प्रतिरक्षण या टीकाकरण कार्ड अवश्य साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि पुरस्कार वितरण समारोह सांय 3 बजे होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App