अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
नगर परिषद चंबा की सत्ता पर कांग्रेस ने दस साल के बाद की वापसी, भुवनेश्वरी गुलाटी अध्यक्ष और जितेंद्र सूर्या उपाध्यक्ष
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
नगर परिषद चंबा की सत्ता पर कांग्रेस ने दस वर्षों के बाद शानदार वापिसी करते हुए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। गुरूवार को एसडीएम कार्यालय कक्ष में नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया के बाद घोषित नतीजों में कांग्रेस समर्थित भुवनेश्वरी गुलाटी ने अध्यक्ष और जितेंद्र सूर्या ने उपाध्यक्ष पद पर दो-दो मतों से विजेता रहे। नगर परिषद चंबा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद सदर विधायक नीरज नैयर व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी की अगुवाई में कांग्रेस समर्थित पार्षदों व कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी फोडकर जीत का जश्न मनाने के साथ ही शहर में विजय रैली भी निकाली। नगर परिषद की सत्ता पाने के बाद कांग्रेस जश्न में डूब गई है। जानकारी के अनुसार गुरूवार को नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया एसडीएम सदर प्रियांशु खाती की देखरेख में निपटाई गई। दोपहर बाद नगर परिषद के अध्यक्ष पद हेतु कांग्र्रेस की ओर से भुवनेश्वरी गुलाटी और भाजपा की ओर से सीमा कश्यप ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन वापिसी का समय बीतने के बाद मतदान प्रक्रिया के जरिए अध्यक्ष पद का फैसला हुआ।
मतदान प्रक्रिया में नवनिर्वाचित पार्षदों के अलावा सदर विधायक नीरज नैयर ने भी अपने मत का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के घोषित नतीजे में भुवनेश्वरी गुलाटी को सात और सीमा कश्यप को पांच मत मिले। भुवेनश्वरी गुलाटी को दो मतों से विजेता घोषित किया गया। इसके बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद की चुनावी प्रक्रिया निपटाई गई। नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस की ओर से जितेंद्र सूर्या और भाजपा की ओर से निशा बडयाल ने नामांकन पत्र हासिल किया। उपाध्यक्ष पद के घोषित नतीजे में भी जितेंद्र सूर्या को सात और निशा बडयाल को पांच मत मिले। इस पर जितेंद्र सूर्या ने उपाध्यक्ष पद पर दो मतों से जीत हासिल की। इस मौके पर एसडीएम कार्यालय के बाहर सदर विधायक नीरज नैयर की धर्मपत्नी सहित काफी तादाद में कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, नगर परिषद चंबा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद सदर विधायक नीरज नैयर ने कहा कि कांग्रेस समर्थित शहर के विकास में अहम योगदान देगी। सरकार की ओर से नगर परिषद चंबा को विकास कार्यो के लिए हरसंभव मदद दी जाएगी। उन्होंने विजेता प्रत्याशियों को मुबारकबाद भी दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
