रक्षा-टेक्नोलॉजी से एआई तक बढ़ेगा सहयोग, PM मोदी और रॉबर्ट फिको की मुलाकात में 11 समझौतों पर हस्ताक्षर

By: Jun 16th, 2026 12:01 am

स्लोवाकिया दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रॉबर्ट फिको की मुलाकात में 11 समझौतों पर हस्ताक्षर

एजेंसियां — ब्रातिस्लावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच सोमवार को हुई मुलाकात में दोनों देश रक्षा, टेक्नोलॉजी से लेकर एआई में सहयोग बढ़ाने सहित 11 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि मुझे खुशी है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हमने अपने संबंधों को व्यापक भागीदारी का दर्जा देने का निर्णय लिया है। इंडिया-ईयू एफटीए को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया से मिले सहयोग के लिए मैं प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त करता हूं। हम इसेजल्द से जल्द लागू करने के लिए काम करेंगे, ताकि दोनों देशों के उद्योग, स्टार्टअप्स और ट्रेडर्स इसका अधिकतम लाभ उठा सकें।

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि स्लोवाकिया की एक यूनिवर्सिटी में एआई के विषय पर इंडिया चेयर स्थापित की जा रही है। एआई मानवता की सेवा और प्रगति का सशक्त माध्यम बने, यही हमारी साझा सोच है। हमारा मानना है कि एआई का भविष्य केवल नवाचार से नहीं, बल्कि विश्वास, जिम्मेदारी और मानवीय गरिमा पर आधारित होना चाहिए। रक्षा सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास और रणनीतिक अभिसरण का प्रमाण है। मुझे खुशी है कि इस महत्तवपूर्ण क्षेत्र में हमने लैटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर किए हैं।

भारत को सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के पक्ष में स्लोवाकिया

स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने कहा कि स्लोवाक रिपब्लिक और भारत ऐसे देश हैं, जो कई कॉमन टॉपिक से जुड़े हुए हैं। दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश के पीएम का स्वागत करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है, लेकिन साथ ही एक ऐसा देश जो दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी इकॉनोमी है और जिसका दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकॉनोमी बनने का सपना है। उन्होंने कहा कि भारत को सिक्योरिटी काउंसिल में परमानेंट मेंबर शिप मिलनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App