दौलतपुर चौक बाजार बंद, रौनक गायब
दौलतपुर चौक के दुकानदान छुट्टी पर, ग्राहकों ने किया आसपास के बाजारों का रुख
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते दूसरे दिन शुक्रवार को भी नगर पंचायत दौलतपुर चौक का प्रमुख बाजार पूरी तरह बंद रहा। व्यापार मंडल दौलतपुर चौक द्वारा घोषित तीन दिवसीय वार्षिक अवकाश के तहत 25, 26 और 27 जून तक सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। जबकि 28 जून को रविवार के चलते बाजार बंद रहेगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव राजू ने बताया कि यह अवकाश प्रत्येक वर्ष व्यापारियों को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से रखा जाता है।
उन्होंने सभी ग्राहकों एवं आम लोगों से सहयोग की अपील की है। शुक्रवार को बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। दूध, दवा और सब्जियों जैसी आवश्यक वस्तुओं की कुछ दुकानों को छोडक़र लगभग सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। यद्यपि बाजार बंद होने के कारण खरीदारी के लिए दूर-दराज से पहुंचे लोगों को मरवाड़ी, बबेहड़ और गोंदपुर बनेहड़ा सहित आसपास के बाजारों का रुख करना पड़ा, फिर भी व्यापारियों की एकजुटता की व्यापार मंडल ने सराहना की है। व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू ने बताया कि तीन दिवसीय अवकाश के उपरांत 29 जून से बाजार पूर्ववत खुल जाएगा और सभी व्यापारिक गतिविधियां होंगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
