चार साल से लंबित पदोन्नति और सीएएस बहाली की मांग
हपुटवा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की उठाई मांग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ (हपुटवा) के प्रतिनिधिमंडल ने संघ के अध्यक्ष डा. नितिन व्यास के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की लंबित पदोन्नति तथा कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई। डा. नितिन व्यास ने बताया कि पिछले लगभग चार वर्षों से शिक्षकों की पदोन्नति और सीएएस से संबंधित प्रक्रियाएं लंबित हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक लगातार शिक्षण, शोध, नवाचार और छात्र हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं, लेकिन उनकी वैधानिक और सेवा-संबंधी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ के महासचिव डाक्टर अंकुश ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रियाओं में देरी के कारण अनेक शिक्षक अपनी पात्रताओं और उपलब्धियों के बावजूद शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति से वंचित हैं। उन्होंने इसे उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बताया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षकों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि पदोन्नति और सीएएस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के साथ उठाया जाएगा, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार शीघ्र ही इस दिशा में ठोस निर्णय लेगी।
सहायक प्रोफेसर भर्ती में तैयारी का समय बढ़ाने की मांग उठाई
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एनएसयूआई इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त तैयारी का समय देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने यूजीसी-नेट उत्तीर्ण कर चुके और अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी भर्ती प्रक्रिया में आवेदन और परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने का आग्रह किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
