डिप्टी सीएम ने दिलाई पंचायत प्रधानों-उपप्रधानों को शपथ

By: Jun 16th, 2026 12:03 am

लता मंगेशकर कला केंद्र समूरकलां में हुआ शपथ ग्रहण समारोह, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने उठाई सौगंध, विकास करने का दिया आश्वासन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
गांवों को विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गांव मजबूत और समृद्ध होंगे तो हिमाचल भी समृद्ध होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा, गरीब कल्याण, नशा उन्मूलन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा गांवों को विकास की नई दिशा देने का आह्वान किया। सोमवार को लता मंगेशकर कला केंद्र समूरकलां में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री ने ऊना जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद-निष्ठा की शपथ दिलाई। समारोह में करीब 500 पंचायत जनप्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।

अग्निहोत्री ने आह्वान किया कि सभी पंचायत प्रतिनिधि विकास और जनता के सवालों के समाधान के मामलों में राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों और ऊना के भविष्य के निर्माता हैं तथा अगले पांच वर्षों में गांवों को क्या दिशा मिलेगी, यह काफी हद तक उनकी कार्यशैली और सोच पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान यदि किसी कारणवश कटुता पैदा हुई है तो उसे पीछे छोडक़र संवाद और सहयोग की नई शुरुआत करनी चाहिए। पंचायतों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए। गरीबों की सेवा, युवाओं के भविष्य का निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, सतपाल सत्ती, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा, हिमाचल प्रदेश जल बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के सदस्य अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, एएसपी सुरेंद्र शर्मा,जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App