पुलिस से घबराएं नहीं, सूचना दें

By: Jun 26th, 2026 12:50 am

घासनू में नशे के खिलाफ एसपी मंडी विनोद कुमार ने जागरूक किए छात्र
नगर संवाददाता- गागल
नशे के खिलाफ घासनू में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, इसलिए किसी भी तरह के नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं और घबराने की जरूरत नहीं है। एसपी मंडी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशीले पदार्थों के जाल में फंसने वाला व्यक्ति धीरे-धीरे अपराध की ओर बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते इससे बचना जरूरी है। उन्होंने अविभावकों से भी बच्चों मे अचानक आने वाले असमान्य व्यवहार के प्रति भी प्रारम्भ से ही सचेत रहकर उसके कारण जानने के लिए भी आगाह किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता के साथ खुलकर संवाद करें और अपनी समस्याओं को उनसे साझा करें। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज के सहयोग से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर एसपी विनोद कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों, अध्यापकों और विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा निर्मित नशा मुक्ति की थीम पर आधारित पोस्टर भी प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में भडयाल पंचायत के प्रधान पुष्पराज ठाकुर, उपप्रधान धर्म सिंह, टिक्कर कलां पंचायत प्रधान सुरेश शर्मा, उपप्रधान पूर्ण चंद एवं वार्ड सदस्य, स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. धर्मपाल और अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App