मानसून से पहले नहीं सुधरी निकासी व्यवस्था

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

हल्की बारिश में ही सडक़ों पर बहा पान, मेयर के निर्देश भी किए दरकिनार

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला में पिछले कई वर्षों से बारिश के दौरान भूस्खलन और अन्य हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का मानना है कि शहर की कमजोर निकासी व्यवस्था इन समस्याओं का एक प्रमुख कारण है। नालियों और जल निकासी तंत्र के जर्जर होने से बारिश का पानी सडक़ों और रिहायशी क्षेत्रों में पहुंच रहा है। सोमवार को भी सर्कुलर रोड पर नालियों का पानी सडक़ों पर बहता नजर आया। कई स्थानों पर निकासी नालियां अवरुद्ध हैं, जिसके कारण हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। इन दिनों शिमला में पर्यटकों की संख्या बढऩे से यातायात का दबाव भी अधिक है और बारिश के दौरान जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।

लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और एनएचएआई द्वारा नालियों की मरम्मत और सफाई के दावे किए जाते हैं तथा इसके लिए टेंडर भी जारी किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। पिछले सप्ताह नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मानसून तैयारियों की समीक्षा की थी। बैठक में निकासी नालियों की मरम्मत को प्राथमिकता देने और 15 जून से पहले कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि अब तक किसी विभाग द्वारा काम शुरू नहीं किया गया है।

हमने सभी संबंधित विभागों के साथ मानसून तैयारियों को लेकर बैठक की थी और 15 दिन में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे। अब विभागों से रिपोर्ट ली जाएगी और काम शुरू न होने पर जवाब भी मांगा जाएगा।
-सुरेंद्र चौहान, मेयर, एमसी शिमला


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App