नाहन के वार्ड-5 में पेयजल संकट गहराया, लोगों ने जल शक्ति विभाग को सौंपा ज्ञापन
पार्षद सीमा अत्री की अगवाई में प्रतिनिधिमंडल ने उठाई समस्या, विभाग ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जिला मुख्यालय नाहन के वार्ड-पांच में भीषण गर्मी के चलते पीने के पानी की समस्या को लेकर वार्ड के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल शहर के वार्ड-पांच की नवनिर्वाचित पार्षद सीमा अत्री के नेतृत्त्व में जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता देवानंद पुंडीर से नाहन में मिला। स्थानीय लोगों का नेतृत्त्व कर रही पार्षद सीमा अत्री ने इस दौरान बताया कि पिछले एक माह से वार्ड पांच में लगातार पेयजल समस्या को लेकर वार्ड के लोग परेशान हैं। वार्ड पार्षद सीमा अत्री के नेतृत्त्व में क्षेत्र के नागरिकों ने अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या बारे अवगत करवाया। पार्षद सीमा अत्री ने अधिकारियों को बताया कि वार्ड के लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पानी प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता पर्याप्त है, लेकिन वितरण व्यवस्था में खामियों के कारण लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड-पांच के लिए प्रस्तावित 24 घंटे जलापूर्ति योजना का भी उल्लेख किया। विभाग की ओर से बताया गया कि इस योजना पर कार्य जारी है, लेकिन इसे पूरा होने में अभी लगभग एक वर्ष का समय लग सकता है। इस पर पार्षद सीमा अत्री ने कहा कि जब तक नई योजना पूरी नहीं होती, तब तक वार्ड वासियों को नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उधर अधिशाषी अभियंता जल शक्ति मंडल देवानंद पुंडीर ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विभाग जल्द आवश्यक कदम उठाएगा और भविष्य में वार्ड में पानी की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
एक महीने से 10 से 15 मिनट हो रही पानी की आपूर्ति
वार्ड-पांच के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले लगभग एक महीने से प्रतिदिन केवल 10 से 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
