एक वोट से पलटा चुनाव, भाजपा ने बरकरार रखा वर्चस्व

By: Jun 20th, 2026 12:02 am

बैजनाथ बीडीसी चुनाव में भाजपा ने दोनों पद जीते, कांग्रेस को मिली कड़ी टक्कर, संजय ठाकुर बने अध्यक्ष और बीरू राम उपाध्यक्ष

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
खंड विकास समिति (बीडीसी) बैजनाथ के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय बैजनाथ में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कड़े मुकाबले के बीच दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपना वर्चस्व बरकरार रखा। एक-एक वोट के अंतर वाले इस चुनाव ने क्षेत्र की राजनीति को नई दिशा दी है। बैजनाथ बीडीसी के अंतर्गत नवनिर्वाचित 17 सदस्यों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान किया। अध्यक्ष पद के चुनाव में छोटा भंगाल क्षेत्र के भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजय ठाकुर (संजय कुमार) विजयी रहे। उन्हें 9 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार मोनिका को 8 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित बीरू राम ने जीत दर्ज की।

उन्हें 9 मत मिले। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार राज कुमार को 7 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित एक अन्य उम्मीदवार चमन को एक मत मिला। चुनाव परिणामों से स्पष्ट हुआ कि भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बेहद कांटे का रहा। कुल 17 मतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को 9 और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को 8 मत मिले। मात्र एक वोट के अंतर से भाजपा ने दोनों महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज कर ग्रामीण विकास से जुड़े इस प्रमुख निकाय पर अपना नियंत्रण कायम रखा। मतगणना पूरी होने और परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने इस जीत का श्रेय भाजपा नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को दिया। चुनाव जीतने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय ठाकुर और उपाध्यक्ष बीरू राम ने पूर्व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी से शिष्टाचार भेंट की।

जनहितैषी नीतियों और संगठन की मजबूती का परिणाम
इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विभिन्न मंचों से पंचायत और निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों की जीत का दावा करते रहे हैं, लेकिन हालिया चुनाव परिणाम अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी की जनहितैषी नीतियों और संगठन की मजबूती का परिणाम है।
ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला और मंडल इकाई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें रविता भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र कपूर, सुरेंद्र राणा, चेतक कंवर, विलायती राणा, अनिल कटोच, बीरेंद्र तथा एडवोकेट संजय गोस्वामी सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App