आईजीएमसी में खुलेगी एमरजेंसी लैब, दो घंटे में मिलेगी रिपोर्ट

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
आईजीएमसी में लंबे समय से बंद पड़ी एमरजेंसी लैब को फिर से 24 घंटे संचालित करने की तैयारी तेज हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने लैब के सुचारू संचालन के लिए 10 अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग भेजी है। अतिरिक्त स्टाफ मिलने के बाद न केवल एमरजेंसी लैब पूरी क्षमता से काम करेगी, बल्कि विभिन्न विभागों में स्टाफ की कमी से प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रबंधन ने एमरजेंसी लैब को जल्द चालू करने के लिए विभिन्न विभागों से तकनीकी और सहायक कर्मचारियों को अस्थायी रूप से यहां तैनात किया था। इससे कई विभागों में मैनपावर कम हो गई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अब अस्पताल प्रबंधन ने स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है।

अस्पताल प्रबंधन ने इलेक्ट्रॉनिक कॉरपोरेशन विभाग को 10 अतिरिक्त कर्मचारियों की मांग भेजी है। इन कर्मचारियों की नियुक्ति होने के बाद इमरजेंसी लैब को पूरी क्षमता के साथ 24 घंटे संचालित किया जा सकेगा। साथ ही अन्य विभागों में प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाएं भी सामान्य होने की उम्मीद है। वर्तमान में आपातकालीन मरीजों के लिए केवल क्रस्ना लैब की सुविधा उपलब्ध है। कई बार जांच रिपोर्ट आने में काफी समय लग जाता है। पहले एमरजेंसी लैब में प्राथमिकता के आधार पर जरूरी जांचें करीब दो घंटे के भीतर उपलब्ध हो जाती थीं, लेकिन लैब बंद होने के बाद मरीजों को क्रस्ना लैब या निजी लैब्स का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त स्टाफ उपलब्ध होते ही लैब को 24/7 आधार पर शुरू कर दिया जाएगा।

मरीजों और तीमारदारों की बढ़ी चिंता
इमरजेंसी लैब बंद होने का असर सीधे मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है। गंभीर स्थिति में भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट समय पर नहीं मिलने से उपचार प्रक्रिया प्रभावित होती है। कई मरीजों को निजी लैब्स में महंगे टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। इमरजेंसी लैब दोबारा शुरू होने से अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था मजबूत होगी। दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और अन्य गंभीर मामलों में त्वरित जांच सुविधा मिलने से मरीजों का इलाज तेजी से शुरू किया जा सकेगा। इससे रेफरल और उपचार में देरी की समस्या भी कम होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App