घरेलू विवाद से तंग आकर महिला ने खुद जहर निगल बेटे को भी खिलाया, मां की मौत, बेटा पीजीआई रैफर

By: Jun 5th, 2026 12:06 am

मां की मौत, बेटा पीजीआई रैफर ऊना के झलेड़ा में खौफनाक कदम

नगर संवाददाता — ऊना

ऊना पुलिस थाना क्षेत्र के तहत झलेड़ा में घरेलू विवाद से तंग आकर एक महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है, जो जिंदगी व मौत से जंग लड़ रहा है। मृतक महिला की पहचान बबली पत्नी प्रवीण कुमार निवासी पठानकोट हाल निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। उक्त घटनाक्रम के बाद से मृतका का पति फरार बताया जा रहा है, जिसे दबोचने के लिए पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के पास दी शिकायत में साक्षी निवासी रैंसरी ने बताया कि प्रवीण कुमार व उसकी पत्नी बबली अपने बच्चों के साथ उनकी कृषि पर मजदूरी का कार्य करते हैं। गत बुधवार घरेलू विवाद से तंग आकर बबली ने स्वयं व अपने बेटे युवराज को जहरीला पदार्थ खिला दिया। जहर निगलने से बबली की मौत हो गई। युवराज को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। उधर, एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App