गगल एयरपोर्ट की बड़ी उड़ान… अब तक पौने तीन हजार उड़ानें
यात्रियों की संख्या में भी अभूतपूर्व इजाफा,1,63, 572 तक पहुंची, जेवर एयरपोर्ट को सीधी उड़ान से पर्यटन को लगेंगे पंख
नगर संवाददाता-गगल
गगल एयरपोर्ट आज राज्य का सबसे व्यस्त और व्यावसायिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण हवाई केंद्र बनकर उभरा है। यह बात भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक अमित सकलानी ने ‘दिव्य हिमाचल’ से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गगल एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा पर्व मनाया जा रहा है। यात्रियों के स्वागत के लिए हिमाचली संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। मानवी के नेतृत्व में शिल्पा ठाकुर ,अंशिका, मुश्कान तथा नन्हीं कलाकार अनायत ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर यात्रियों का मनोरंजन किया। अमित सकलानी ने बताया कि जून 2014 से मई 2026 तक के आधुनिकीकरण और विस्तार कार्यों के परिणामस्वरूप गगल एयरपोर्ट ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2014-15 में जहां वार्षिक यात्री संख्या 55,482 थी, वहीं वर्ष 2025-26 में यह बढक़र 1,63, 572 तक पहुंच गई है। इस प्रकार यात्री यातायात में करीब 195 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
इसी अवधि में वार्षिक उड़ानों की संख्या 1,244 से बढक़र 2,720 तक पहुंच गई है। जो हवाई अड्डे की बढ़ती उपयोगिता और लोकप्रियता को दर्शाती है। वर्तमान में इंडिगो, स्पाइसजेट और एलायंस एयर की सेवाएं गगल एयरपोर्ट को दिल्लीए चंडीगढ़ और शिमला से जोड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि पहली जुलाई 2026 से नोएडा के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए भी नई उड़ान सेवा शुरू होने जा रही हैए जिससे कांगड़ा घाटी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधा और बेहतर संपर्क मिलेगा। बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर विस्तारित टर्मिनल भवन, विशाल पार्किंग क्षेत्र और उन्नत डीवीओआर नेविगेशन प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा विमानों की पार्किंग क्षमता दो से बढ़ाकर तीन बे करने तथा खराब मौसम में उड़ानों के डायवर्जन को रोकने के लिए विशेष वीएफआर अप्रोच प्रणाली पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। यात्रियों के लिए मुफ्त हाई.स्पीड वाई.फाईए फ्लाईब्रेरीए वर्कस्टेशनए मेडिकल रूम तथा आधुनिक फूड एवं रिटेल आउटलेट्स जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। एयरपोर्ट प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों ज्वालामुखी, चिंतपूर्णी, चामुंडा देवी, बगलामुखी, ब्रजेश्वरी देवी और बैजनाथ शिव मंदिर सहित मकलोडगंज स्थित परम पावन दलाई लामा के निवास तक पहुंचने का प्रमुख हवाई द्वार बन चुका है। एयरपोर्ट परिसर में स्थित एचपीटीडीसी काउंटर पर्यटकों को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियमए पोंग बांधए कांगड़ा किलाए त्रियुंड तथा करेरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी भी उपलब्ध कराता है।
ग्राहक संतुष्टि में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
उत्कृष्ट सेवाओं के चलते कांगड़ा हवाई अड्डे को राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में वर्ष 2024.25 के लिए देशभर में प्रथम तथा वर्ष 2025.26 के लिए द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
क्या बोले गगल एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक अमित सकलानी ने कहा कि आने वाले वर्षों में गगल एयरपोर्ट हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और आर्थिक विकास का और अधिक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा। इस दिशा में प्रयास जारी हैं। गगल एयरपोर्ट ने जी.-20 सम्मेलन, आईपीएल टीमों के दौरान बेहतरीन सेवाएं दी हंै ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
