किन्नौर में कहर बनकर बरसे ओले, नकदी फसलों को नुकसान
10 मिनट की भीषण ओलावृष्टि ने बागबानों और किसानों को पहुंचाया नुकसान, सेब के पेड़ों पर लगे फल झड़े
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
जिला किन्नौर की रूपी क्षेत्र की शिगारचा पंचायत के शिगारचा हुरुवा तथा डब्लिंग गांव में सोमवार को हुई करीब 10 मिनट की भीषण ओलावृष्टि ने बागवानों और किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा से सेब की फसल के साथ-साथ विभिन्न नगदी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार ओले इतने बड़े और घने थे कि कुछ ही मिनटों में बगीचों और खेतों में खड़ी फसलों को व्यापक क्षति पहुंच गई। सेब के पेड़ों पर लगे फल झड़ गए हैं जबकि कई फलों पर ओलों के निशान पडऩे से उनकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इससे बागवानों को इस वर्ष भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। शिगारचा डब्लिंग और हुरुवा गांव के ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस क्षेत्र में इतनी तीव्र ओलावृष्टि देखी है। सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
हैप्पी, रधु दास मुकेश, राजीव, सुन्नी, संजीव वीरबल, जीवन, मनोज, अन्नू नेगी, ज्ञान प्रकाश, ठाकुर भगत, राज कुमार, आशा सहित अन्य सेकड़ों ग्रामीणों कहना है कि सालभर की मेहनत कुछ ही मिनटों में बर्बाद हो गई। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व, बागबानी एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और प्रभावित किसानों व बागबानों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाएए ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें। अब नुकसान का आकलन करने के लिए बागवानी विभाग मौके पर रवाना हो गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
