चंबा में मेहनत को मिला सम्मान, नवाजे होनहार
डिग्री कालेज चंबा में एस्पायर ने 12 स्कूलों के छात्रों को विधायक नीरज नैयर के हाथों किया सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
डिग्री कालेज चंबा का आडिटोरियम शुक्रवार को प्रदेश के अग्रणी मीडिया गु्रप व एस्पायर आईआईटी एंड मेडिकल (आईआईटीयंस की एक पहल) की ओर से आयोजित भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह का गवाह बना। सभागार में सम्मान पाने के बाद बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्रों के साथ समारोह में पहुंचने अभिभावकों ने भी दिव्य हिमाचल की मेधावियों को सम्मानित कर जीवन में निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयासों की जमकर सराहना की।
समारोह के दौरान जहां मुख्यातिथि सदर विधायक नीरज नैयर ने मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया। उन्होंने दिव्य हिमाचल के आकांक्षी जिला के मेधावियों को पुरस्कृत करने के प्रयासों की जमकर तारीफ की। एस्पायर के चीफ मार्केटिंग आफिसर प्रशांत शर्मा ने छात्रों को जीवन में निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु लगातार कठिन परिश्रम करने के साथ ही टिप्स दिए। उन्होंने एस्पायर की ओर से मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में भी बताया।
टॉपर्स के चेहरों पर खुशी
सम्मान समारोह के दौरान चंबा शहर व आस-पास के कुल बारह निजी व सरकारी स्कूलों के आठवीं से बारहवीं कक्षा के चार-चार टॉपरों को मेडल पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में एसी टू डीसी मनमोहन सिंह, शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर विकास महाजन, आईटीआई चंबा के प्रिंसीपल ईं विपिन शर्मा ने भी हिस्सा लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
