तेज धूप के बाद सोलन में झमाझम बारिश

By: Jun 16th, 2026 12:03 am

सोलन में बदला मौसम का मिजाज, किसानों-बागबानों के लिए भी फायदेमंद साबित हुई बारिश

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को हैरान कर दिया। सुबह से शहर में तेज धूप खिली हुई थी और गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा था। दोपहर तक तापमान बढऩे के कारण लोग उमस और गर्मी से परेशान थे, लेकिन इसके बाद मौसम ने अचानक अपना रंग बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश शुरू होते ही शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया। कुछ ही मिनटों में सडक़ों पर पानी बहने लगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। गर्मी से राहत मिलने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली।

हालांकि अचानक हुई बारिश ने बाजारों और सडक़ों पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं दिया। जो लोग बिना छाते या बारिश से बचाव के साधनों के बाहर निकले थे, वे भीगने से बचने के लिए दुकानों और शेड के नीचे शरण लेते नजर आए। मालरोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के दौरान लोगों में हलचल देखी गई। कई लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए, जबकि कुछ लोगों ने सुहावने मौसम का आनंद भी लिया। बारिश के कारण यातायात की रफ्तार भी कुछ समय के लिए धीमी पड़ गई और वाहन चालकों को सावधानी के साथ वाहन चलाने पड़े। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों और बागबानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की बारिश से मिट्टी में नमी बनी रहती है, जिससे फसलों और पौधों को फायदा पहुंचता है। शाम तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में ठंडक का अहसास बढ़ गया। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में मौसम के बदलते रहने की संभावना जताई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App