पिपलू मेले में हिमाचली गायक कुमार साहिल ने नचाए दर्शक

By: Jun 26th, 2026 12:48 am

स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियों और विभागीय प्रदर्शनियों ने बढ़ाया मेले का आकर्षण, दूसरे दिन निर्जल एकादशी के अवसर पर जुटे श्रद्धालु, लिया आशीर्वाद
स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय जिला स्तरीय पिपलू मेले के दूसरे दिन निर्जला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जबकि शाम होते-होते मेला परिसर पूरी तरह लोगों से खचाखच भर गया। मेले में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक रंग और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली लोकगायक कुमार साहिल ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके लोकप्रिय पहाड़ी और लोकगीतों पर युवा, महिलाएं और बच्चे देर रात तक झूमते और नाचते रहे। पूरे पंडाल में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा तथा दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से कलाकार का भरपूर स्वागत किया।

दिन के समय आयोजित बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूहगान और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया तथा उपस्थित लोगों ने उन्हें लगातार तालियां बजाकर प्रोत्साहित किया। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं के बारे में बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App